पलामू: अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलामू पुलिस ने गुरुवार को पांकी और मनातू थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 6 एकड़ में लगी अफीम/पोस्ता की अवैध फसल को नष्ट कर दिया।
पहली कार्रवाई पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम तालेडीह और जोबला के जंगली इलाके में की गई। यहां वन भूमि में करीब 1 एकड़ और गैर मजरूआ भूमि में करीब 2 एकड़, कुल मिलाकर लगभग 3 एकड़ में अवैध खेती को विनष्ट किया गया। इस अभियान में पांकी थाना पुलिस, ताल पिकेट के जवान और वन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
दूसरी कार्रवाई मनातू थाना क्षेत्र के ग्राम बिरहोरवा और कुंडिलपुर के जंगली क्षेत्र में हुई, जहां वन भूमि पर करीब 3 एकड़ में लगी अवैध अफीम/पोस्ता की फसल को नष्ट किया गया। इस अभियान में मनातू थाना पुलिस, मसूरिया पिकेट के जवान और वन विभाग के अधिकारी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, अवैध अफीम की खेती में संलिप्त लोगों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। नाम-पता की पुष्टि के बाद वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


