उद्यान प्रोमोशन सोसाइटी की बैठक में मानव बल बहाली पर चर्चा, राज्य-जिला स्तर पर होगी नियुक्ति


झारखंड राज्य उद्यान प्रोमोशन सोसाइटी की शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को नेपाल हाउस स्थित मंत्रालय में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आवश्यकता आधारित मानव बल को अनुबंध पर बहाल करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई।

सोसाइटी ने राज्य और जिला स्तर पर मानव बल की बहाली के लिए प्रारूप तैयार किया है। मंत्री ने इस संबंध में कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, दो स्तरों पर नियुक्ति की योजना है, जिससे उद्यान क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।

बैठक में बताया गया कि सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य उद्यान क्षेत्र का विकास, योजनाओं का प्रचार-प्रसार और किसानों की आय बढ़ाना है। फल, सब्जी, फूल और औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने, आधुनिक खेती, प्रशिक्षण, मार्केटिंग और वैल्यू एडिशन के क्षेत्र में सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। पौधारोपण पर सब्सिडी और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में भी सोसाइटी सक्रिय है। अधिकारियों का मानना है कि मानव बल बढ़ने से योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी।

बैठक में विभागीय सचिव अबू बक्कर सिद्दीक़ी, उद्यान निदेशक माधवी मिश्रा, कृषि निदेशक भोर सिंह यादव, पशुपालन निदेशक आदित्य कुमार आनंद, सहकारिता निबंधक शशि रंजन सहित ग्रामीण विकास, आईसीएआर, एसटी/एससी, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *