पलामू में लूटी गई मोपेड़ बरामद, चैनपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार



चैनपुर थाना क्षेत्र में लूटी गई मोपेड़ मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई मोपेड़ के साथ घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, सेमरा निवासी सुमित कुमार ने 6 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि शाहपुर क्षेत्र में तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी TVS XL 100 मोपेड़ छीन ली। मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 36/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के दौरान 11 फरवरी को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रूपेश पांडेय और अंशु पांडेय को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर रूपेश पांडेय के घर से लूटी गई मोपेड़ बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामले का अनुसंधान चल रहा है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा समेत पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *