मुख्यमंत्री से वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम की मुलाकात, स्वदेशी कैंसर उपचार मशीन पर चर्चा


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। वैज्ञानिक ने बताया कि यह मशीन स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और देश-विदेश के कई बड़े अस्पतालों में इसका इस्तेमाल हो रहा है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में यह मशीन कारगर साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए श्री सुब्रमण्यम की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर रोगियों के लिए यह मशीन किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है, ताकि मरीजों को अपने ही राज्य में अत्याधुनिक इलाज की सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने चिंता जताई कि कैंसर मरीजों की संख्या बढ़ना गंभीर विषय है। ऐसे में राज्य के अस्पतालों में आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कैंसर मरीजों को झारखंड में ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है।
मौके पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि जी.बी.के. सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी रह चुके हैं। उन्होंने उनके साथ कई शोध और अनुसंधान कार्यों में भागीदारी की है। उनकी विकसित कैंसर उपचार मशीन का उपयोग आज देश और विदेश के अस्पतालों में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *