कोडरमा में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद, दो गिरफ्तार


कोडरमा पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना क्षेत्र में चल रही एक नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, स्प्रिट, बोतल, रैपर, ढक्कन और रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवारा के भुईंया टोली स्थित एक बंद पड़े मुर्गी फार्म में बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस को देखते ही मौके से कई लोग भागने लगे, जिनमें से दो को खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार (पटना) और गोपाल सिंह (गया) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि फैक्ट्री का संचालन पियुष कुमार पांडेय और उसके भाई आयुष कुमार पांडेय द्वारा किया जा रहा था। अन्य स्थानीय लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 191.2 लीटर नकली शराब, 120 लीटर स्प्रिट, सैकड़ों खाली बोतलें, हजारों ढक्कन, लेबल-स्टीकर, रासायनिक पदार्थ, दो मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में चंदवारा थाना कांड संख्या 13/26 दिनांक 11 फरवरी 2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *