राजधानी रांची में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल बन गया है। सिविल कोर्ट को हाल ही में मिली धमकी के बाद अब रांची समाहरणालय (डीसी ऑफिस) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। ईमेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे परिसर को तत्काल घेर लिया गया। सूचना मिलते ही बॉम्ब स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की कई टीमें समाहरणालय पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। हर कमरे, दफ्तर और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
धमकी के बाद समाहरणालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है।
मुख्य गेट पर सख्त जांच अभियान चलाया जा रहा है और बिना जांच किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही। पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास के इलाकों में भी गश्ती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। कुछ देर के लिए कर्मचारियों और आम लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी, हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया।
इधर साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं। फिलहाल तलाशी के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अभियान जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा चुके हैं।


