पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की मौजूदगी में विभिन्न राजनीतिक दलों — कांग्रेस, झामुमो और जेएलकेएम — से जुड़े सैकड़ों लोगों ने आज आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी मौजूद रहे।
इस मौके पर सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर जनता के साथ छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झामुमो–कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में अपने-अपने प्रत्याशी उतारकर राजनीतिक भ्रम की स्थिति पैदा की है। यदि दलीय आधार पर चुनाव कराना ही था तो मुख्यमंत्री को इसकी स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए थी। ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने के फैसले पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए सरकार की नीयत पर संदेह जताया।
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी राजनीतिक नैतिकता का पालन करते हुए किसी प्रत्याशी का समर्थन नहीं कर रही है, जबकि जिला समितियां अपने स्तर पर निर्णय लेंगी। सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ और छह वर्षों में स्थानीयता ही तय नहीं की जा सकी।
उन्होंने कहा कि राज्य की नीतियों से क्षुब्ध होकर लोग लगातार आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को मजबूती मिल रही है। पार्टी नए सदस्यों को उनकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी सौंपेगी ताकि जनहित के मुद्दों पर मजबूती से काम किया जा सके।
कार्यक्रम में केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार, युवा आजसू प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार, जिला सचिव कुदरत शेख सहित कई नेता उपस्थित थे।
आजसू की सदस्यता लेने वालों में मेसरा अस्पताल के निदेशक जावेद अख्तर, साबिर हुसैन, नूरहसन अंसारी, तबरेज अंसारी, माजिद आलम, राजाउल अंसारी, अफरोज अंसारी, तौसीफ अंसारी, सोनी, मोहम्मद इरशाद, रवि पासवान, शबाबाज खान, महताब, इमरान अंसारी समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे।


