झारखंड विधानसभा में NeVA सेवा केंद्र का उद्घाटन, डिजिटल और पेपरलेस विधायी कार्यों की शुरुआत की गई



झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र-2026 के दौरान राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) परियोजना के तहत आयोजित प्रशिक्षण एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में NeVA सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में NeVA सेवा केंद्र की शुरुआत एक नए डिजिटल अध्याय का प्रतीक है। इस एप्लीकेशन के माध्यम से विधायी कार्य अधिक सरल, समयबद्ध और पेपरलेस तरीके से संपन्न किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि अब विधायकों को सत्र के दौरान देर रात कागजी प्रक्रिया के लिए विधानसभा आने की जरूरत नहीं होगी, जिससे कार्यप्रणाली में तेजी और सहूलियत आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लगभग 20 राज्यों में NeVA के जरिए डिजिटल विधायी प्रणाली लागू हो चुकी है और झारखंड भी इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बेहतर समन्वय के लिए डिजिटाइजेशन को जरूरी बताते हुए कहा कि इससे संचार व्यवस्था मजबूत होगी और कागज के उपयोग में कमी आएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी डिजिटल प्रणाली के साथ चुनौतियां जुड़ी होती हैं, खासकर साइबर सुरक्षा को लेकर। इसलिए माननीय सदस्यों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया है ताकि वे NeVA के सुरक्षित उपयोग से जुड़ी सभी जानकारियों से अवगत हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंत्रियों और विधायकों को टैबलेट प्रदान किया। इस मौके पर मंत्रीगण, विधायकगण, अधिकारी और विधानसभा कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *