पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को मनातू थाना क्षेत्र के ग्राम करमा और गरवट के जंगली इलाके में वन भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई करीब 6 एकड़ अफीम/पोस्ता की फसल को नष्ट कर दिया गया।
इस विनष्टीकरण अभियान में मनातू थाना पुलिस के पदाधिकारी और जवानों के साथ वन विभाग की टीम भी संयुक्त रूप से शामिल रही। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध अफीम की पूरी फसल को नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध खेती में संलिप्त लोगों की पहचान और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई करेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


