मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह को एक धमकी भरा वॉइस नोट मिलने से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए इस वॉइस नोट में एक्टर से करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग की गई है।
धमकी मिलने के तुरंत बाद रणवीर सिंह ने मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनज़र रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के मुंबई स्थित घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वॉइस नोट भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल भी इस मामले की जांच में जुट गई है ताकि धमकी देने वाले आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल रणवीर सिंह या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, पुलिस ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।


