एक बारात के डीजे (DJ) की धुन पर झूमे परीक्षार्थी, सड़क पर लगा जाम 

सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र स्थित दलन सिंह हाई स्कूल परीक्षा केंद्र से इंटरमीडिएट की परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों का डीजे की धुन पर सड़क पर नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना सोमवार 9 फरवरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पहली पाली में हिंदी की परीक्षा खत्म होने के बाद जैसे ही परीक्षार्थी केंद्र से बाहर निकले, उसी दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर सड़क से एक बारात का डीजे गुजर रहा था। डीजे की तेज धुन सुनते ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी खुद को रोक नहीं सके और सड़क पर ही नाचने लगे। कई परीक्षार्थी हाथों में एडमिट कार्ड और प्रश्नपत्र लहराते हुए झूमते नजर आए।

सड़क पर अचानक भारी भीड़ जुट जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लगभग एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना स्थल से मांझी थाना करीब 500 मीटर की दूरी पर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से परीक्षार्थियों को समझा-बुझाकर सड़क खाली कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे परीक्षा के तनाव के बाद की खुशी बता रहे हैं, तो कुछ ने सार्वजनिक सड़क जाम करने पर सवाल भी उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *