जामताड़ा में साइबर ठगों के हौसले बुलंद: एसपी को ही कॉल कर अकाउंट डिटेल लेने की कोशिश, चार गिरफ्तार

झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ही निशाना बनाने की कोशिश कर डाली। साइबर ठगों ने जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता को कॉल कर उनके बैंक अकाउंट से जुड़ी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। हालांकि एसपी की सतर्कता से ठगी की कोशिश नाकाम रही और इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के लखजीडीह–परटोल रोड स्थित डिगाडीह गांव के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से सात मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इब्राहिम अंसारी उर्फ पाडु (19), हुसैन अंसारी (26), साकिर अंसारी उर्फ लालू (26) और सिराज अंसारी (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी फर्जी मोबाइल और सिम कार्ड के जरिए संगठित तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी YONO ऐप चालू कराने के नाम पर लोगों को कॉल करते थे। इसके बाद व्हाट्सएप और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए यूजर आईडी, पासवर्ड और ओटीपी हासिल कर नेट बैंकिंग के माध्यम से खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 09 फरवरी 2026 के तहत बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एसपी राजकुमार मेहता ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *