झारखंड में मौसम का यू-टर्न: सुबह ठंड, दोपहर गर्मी, शाम फिर सिहरन


रांची। झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लोगों को उलझन में डाल रहा है। सुबह कड़ाके की ठंड से कांपते लोग दोपहर में गर्मी के कारण स्वेटर उतारने को मजबूर हो रहे हैं, जबकि शाम ढलते ही फिर ठंडक बढ़ जा रही है। दिनभर के इस तेज उतार-चढ़ाव ने आम जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।
मौसम में बदलाव के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार के मरीज लगभग हर तीसरे घर में देखने को मिल रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में अचानक बदलाव से लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।


राज्य के उत्तरी और मध्य जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची, खूँटी, गुमला, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। इन इलाकों में सुबह और रात के समय कंकनी ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और मध्य झारखंड में तापमान का यही पैटर्न अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। रांची, पलामू, लातेहार, खूँटी और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे और अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
फिलहाल झारखंड में मौसम का “यू-टर्न” लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग बदलते मौसम में सावधानी बरतें, सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और सेहत का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *