राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। अंडर-19 वर्ग में टीम ने दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
बंगलुरू के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने दमदार पंच दिखाया। 4 से 9 फरवरी तक चली इस प्रतियोगिता में कठिन मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अदम्य साहस और खेल भावना का परिचय देते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक जीता।
45 किलोग्राम भार वर्ग में जेसिका खेस ने फाइनल तक का सफर तय कर रजत पदक हासिल किया। वहीं 54 किलोग्राम वर्ग में अमीषा केरकेट्टा ने दिल्ली की खिलाड़ी से फाइनल मुकाबला खेलते हुए रजत पदक जीता। 57 किलोग्राम वर्ग में नीता रोज तिग्गा ने सेमीफाइनल तक पहुंचकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य की बेटियाँ खेल के हर मंच पर नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं।
टीम को कोच अनुपम तिवारी, परवीन यादव, बीबी मोहती और टीम मैनेजर अनु कुमारी का मार्गदर्शन मिला। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित विभागीय अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।

