युवाओं से सुदेश महतो की अपील — राज्य के नवनिर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका, सैकड़ों लोग आजसू में शामिल

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने युवाओं से राज्य के नवनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। वे आज खटंगा, खेलगांव में आयोजित एक मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां सैकड़ों महिलाओं, युवाओं और समाजसेवियों ने अंगवस्त्र ग्रहण कर आजसू पार्टी की सदस्यता ली।


समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड विकास के रास्ते से भटक चुका है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य की पहचान “लेबर स्टेट” के रूप में बनती जा रही है। ऐसे में युवाओं को आगे आकर राज्य की बागडोर अपने हाथों में लेने की जरूरत है, ताकि झारखंड को फिर से सही दिशा और गति मिल सके।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा आजसू से जुड़ रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। राज्य के समग्र विकास के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने और नवनिर्माण में योगदान देने की आवश्यकता है।
मौके पर केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय सचिव जितेंद्र सिंह, रांची जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य संजय महतो, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक गदाधर महतो, रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *