गोड्डा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महागामा थाना क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक गोड्डा को मिली सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम द्वारा महागामा के विभिन्न स्थानों पर निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति केचुआ चौक से नहर होते हुए हरिणचारा जाने वाली सड़क की ओर जाते दिखा। कब्रिस्तान के पास उसकी गतिविधि संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद लाल रंग के थैले से 1-1 किलो के कुल 4 पैकेट गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुन्नी लाल भगत (उम्र लगभग 42 वर्ष), पिता सत्यनारायण भगत, निवासी नया टोला बैजानी, थाना बाईपास जगदीशपुर, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 140 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
इस मामले में महागामा थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 07 फरवरी 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस स्वीकारोक्ति बयान में सामने आए अन्य व्यक्तियों के सत्यापन और साक्ष्य संकलन में जुटी है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, पुलिस निरीक्षक उपेंद्र महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खान, निर्मल कुमार पांडेय सहित महागामा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।


