गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में हथियार और प्रतिबंधित सामग्रियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी, कानेडीह के समीप की गई।
पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार और 154 बटालियन के कमांडेंट सुनीलदत्त त्रिपाठी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश सिंह और सहायक कमांडेंट सी. ए. तोम्बा सिंह ने किया।
अभियान के दौरान बीडीडीएस टीम की मदद से नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। बरामद सामग्रियों को विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान में शामिल हैं:
11 राइफल (.303 बॉल्ट एक्शन)
9 राइफल (.22)
6 ग्रेनेड
1 एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर
1 एम्यूनिशन बॉक्स
30 चार्जर क्लिप
2 बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर
इस संयुक्त अभियान में जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ 154 बटालियन की टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने इसे नक्सल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताते हुए अभियान जारी रखने की बात कही है।



