माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे को लेकर रांची में उच्चस्तरीय बैठक


रांची: माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित झारखंड (रांची/जमशेदपुर) परिभ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, बिरसा मुंडा विमानपत्तन के निदेशक, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित भवन निर्माण, पथ निर्माण, विद्युत आपूर्ति और अग्निशमन विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, अग्निशमन, सड़क एवं भवन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियों के निर्वहन का निर्देश दिया।
उपायुक्त भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति का दौरा जिला प्रशासन के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात को सुचारू रखने, वैकल्पिक मार्गों की तैयारी, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और आपदा प्रबंधन की तत्परता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *