गिरिडीह पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नक्सलियों द्वारा गड्ढे में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और प्रतिबंधित सामग्री बरामद की है। यह बरामदगी खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी, कानेडीह के समीप बीडीडीएस टीम की सहायता से की गई।
शनिवार को गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक गिरिडीह और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और सीआरपीएफ 154 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश सिंह व सहायक कमांडेंट सीएच तोम्बा सिंह के नेतृत्व में संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई। इसके बाद जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर हथियारों का जखीरा बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और नक्सलियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।


