झारखंड में इन दिनों हाथियों के हमलों की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी और मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने रांची स्थित रिम्स अस्पताल पहुंचकर हाथियों के हमले में घायल लोगों का हालचाल लिया।
मंत्रियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों को उनके बेहतर इलाज का निर्देश दिया। मीडिया से बातचीत में मंत्रियों ने कहा कि घटना में मृतकों के परिजनों, घायलों और नुकसान उठाने वाले ग्रामीणों को सरकार के नियमानुसार मुआवजा जल्द दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर राज्य सरकार गंभीर है और जल्द ही कोई ठोस समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार रात बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत महुआटांड थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव में हाथियों के झुंड ने एक घर पर हमला कर दिया था। हमले में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है।

