झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन के साथ आज देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने माँ छिन्नमस्तिका मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने परंपरा के अनुसार नारियल बलि अर्पित किया, रक्षा सूत्र बंधवाया और माँ छिन्नमस्तिका के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
मौके पर रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे।




