रांची जिले के रातू प्रखंड अंतर्गत तिगरा में जिला स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी/कार्यशाला 2026 का उद्घाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।
कृषि मेला को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है। सरकार किसानों को सफल और समृद्ध बनाने के लिए खेती, मत्स्य पालन, पशुपालन और सहकारिता से जुड़ी योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 50 से 90 प्रतिशत तक सब्सिडी पर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, ताकि किसान आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। मंत्री ने ग्रामीण इलाकों में तेजी से हो रही जमीन की बिक्री पर चिंता जताते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना जरूरी है, क्योंकि यही हमारी पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर, बाइक विद आइस बॉक्स, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), संरक्षित फूलों की खेती, गाय वितरण और मिलेट मिशन से जुड़े लाभुकों के बीच योजनाओं का वितरण किया गया। मंत्री ने उपस्थित लोगों से प्रदर्शनी में लगे स्टॉलों का अवलोकन कर नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।
मौके पर सचिव अबू बक्कर सिद्दीकी, JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


