पलामू: 2.5 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती नष्ट, पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई


पलामू जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम सोरठ और करार के जंगली इलाके में वन भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम/पोस्ता की खेती को प्रशासन ने नष्ट कर दिया।
6 फरवरी 2026 को चलाए गए इस अभियान में करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में लगी अवैध फसल को विनष्ट किया गया। कार्रवाई पांकी थाना पुलिस, ताल पिकेट के जवानों और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्रशासन के अनुसार, अवैध अफीम की खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। संबंधित मामलों में वन विभाग वन अधिनियम के तहत वन वाद दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *