हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपारण, कटकमसांडी और टाटीझरिया थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने कुल पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
चौपारण थाना क्षेत्र में एक कार से 192 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो तस्करों को पकड़ा गया। वहीं कटकमसांडी थाना क्षेत्र से एक कार से 210 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। यहां भी दो तस्कर गिरफ्तार किए गए।
टाटीझरिया थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से 60 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3.70 लाख रुपये है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, इन अभियानों में कुल मिलाकर करीब 20.70 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई है। इसके अलावा अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 7,480 लीटर जावा महुआ/देशी शराब को भी नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.25 लाख रुपये से अधिक है।
पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


