मरांडी पहले केंद्र से किसानों का हक़ माँगें, हास्यपद बयानबाज़ी से बचें — डॉ. इरफान अंसारी


धान क्रय और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने मरांडी के बयानों को तथ्यहीन, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया।
डॉ. अंसारी ने कहा कि धान क्रय का लक्ष्य विभागीय स्तर पर तय किया गया है और राज्य सरकार इसे हासिल करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी जुलाई तक धान क्रय की प्रक्रिया चली थी और इस वर्ष भी पर्याप्त समय है। उनके अनुसार झारखंड के कई जिलों में धान क्रय की स्थिति संतोषजनक है।
मंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने एमएसपी मद में झारखंड को राशि देना बंद कर दिया है, इसके बावजूद राज्य सरकार अपने संसाधनों से किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने बाबूलाल मरांडी से अपील की कि यदि उन्हें किसानों की चिंता है तो वे केंद्र सरकार से झारखंड के किसानों का हक दिलाने की मांग करें।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि किसानों के हित की लड़ाई राजनीति से ऊपर उठकर लड़ी जानी चाहिए। उन्होंने खुद को किसान का बेटा बताते हुए कहा कि किसान, खेत और फसल की सुरक्षा के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *