चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिहार सीमा से सटे इलाके में 3 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त

चतरा पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार बॉर्डर से सटे इलाके में संचालित तीन देशी शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगरपालिका चुनाव को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर हंटरगंज थाना पुलिस ने लेंजवा और कुशमाही गांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी की। यहां अवैध रूप से देशी शराब तैयार कर बिहार समेत अन्य इलाकों में भेजी जा रही थी। अभियान के दौरान करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ और शराब बनाने के उपकरण मौके पर ही नष्ट कर दिए गए।
छापेमारी के दौरान सभी भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। कार्रवाई में 12 प्लास्टिक ड्रम समेत शराब बनाने में प्रयुक्त अन्य सामान भी नष्ट किया गया।
छापेमारी दल में हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार दुबे और थाना व पिकेट के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *