दुमका के खिजुरिया स्थित अपने आवास पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और क्षेत्रीय समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार गांव की सरकार है और जनता की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं सीधे लोगों तक लाभ पहुंचा रही हैं।
उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी लें और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मुलाकात के दौरान उपस्थित लोगों ने राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


