लातेहार। धनबाद रेल मंडल अंतर्गत टोरी–शिवपुर रेलवे लाइन पर फुलबसिया रेलवे स्टेशन साइडिंग के समीप शुक्रवार को कोयला लदी एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। इस हादसे में मालगाड़ी की आधा दर्जन से अधिक बोगियां पटरी से उतर गईं, जबकि गार्ड नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल गार्ड को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी को इंजन से जोड़ने के दौरान इंजन की गति अधिक होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। कोयला लदी यह मालगाड़ी दादरी (दिल्ली) के लिए रवाना होने वाली थी।
समाचार लिखे जाने तक रेलवे विभाग के आईटी, पीडब्ल्यूआई, ओएचई, स्टेशन मास्टर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारण फुलबसिया साइडिंग के लोडिंग साइड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जबकि दूसरे रेलवे ट्रैक पर रेल परिचालन सामान्य रूप से जारी है। उल्लेखनीय है कि फुलबसिया साइडिंग से प्रतिदिन लगभग 10 रैक कोयला देश के विभिन्न राज्यों के लिए भेजा जाता है।


