हज़ारीबाग पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 28 जनवरी 2026 को चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम अंजन में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्राम अंजन के विभिन्न इलाकों में लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 8 डिलीवरी पाइप भी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार ड्रोन सर्वे के माध्यम से अंजन क्षेत्र में लगभग 200 एकड़ में अवैध अफीम की खेती किए जाने का अनुमान है। आज की कार्रवाई में 50 एकड़ की फसल नष्ट की गई है, जबकि शेष लगभग 200 एकड़ में लगी अफीम की खेती को आगामी तीन दिनों के भीतर पूर्ण रूप से नष्ट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में इस क्षेत्र में नियमित विनष्टीकरण नहीं होने के कारण तस्करों का मनोबल बढ़ा था, जिसे अब सख्त कार्रवाई के माध्यम से तोड़ा जा रहा है।
अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के बाद उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस संयुक्त अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही श्री अजित कुमार बिमल, पुलिस निरीक्षक श्री चंद्रशेखर, थाना प्रभारी चौपारण सरोज सिंह चौधरी, सहित कई पुलिस पदाधिकारी, वनपाल कुलदीप कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि दुर्गम इलाकों में ड्रोन के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की खेती की पहचान कर लगातार विनष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। हज़ारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफीम की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।


