वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस के दौरान झारखंड के औद्योगिक विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक एवं चेयरमैन बी.के. गोयनका के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में कंपनी ने झारखंड में प्लास्टिक उद्योग क्षेत्र में लगभग ₹300 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा है।
पीवीसी आधारित प्लास्टिक उद्योग में निवेश की संभावना
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल ने वेलस्पन वर्ल्ड के प्रतिनिधियों को देवघर में प्रस्तावित प्लास्टिक पार्क की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं से कंपनी को अवगत कराया। निवेश प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए वेलस्पन की टीम शीघ्र ही झारखंड का दौरा कर स्थल निरीक्षण और विस्तृत अध्ययन करेगी।
क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी रुचि
वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश को लेकर रुचि जताई। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से धनबाद स्थित लॉजिस्टिक पार्क, राज्यभर में उपलब्ध वेयरहाउसिंग और स्टोरेज सुविधाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई। दोनों पक्षों के बीच इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति बनी।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
इस बैठक को झारखंड को औद्योगिक निवेश का उभरता केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रस्तावित निवेश से राज्य में रोजगार सृजन, आर्थिक विकास और औद्योगिक बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

