असम में हिटलरशाही सरकार, जनता के समर्थन से कांग्रेस उखाड़ फेंकने को तैयार – बंधु तिर्की



असम चुनाव में कांग्रेस के सीनियर ऑब्ज़र्वर एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार पर तीखा हमला बोला है। आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने असम सरकार को हिटलरशाही सरकार करार दिया।
बंधु तिर्की ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में हिटलरशाही शासन चल रहा है और उसी नक्शेकदम पर असम के मुख्यमंत्री अपने “चेला” की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देशभर में असम की पहचान एक भ्रष्ट सरकार के रूप में बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि असम में आदिवासी, दलित, पिछड़ा वर्ग सहित अन्य समाजों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। यही कारण है कि असम की जनता, छात्र, नौजवान और चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों ने मौजूदा भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
बंधु तिर्की ने कहा कि असम की पहचान उसकी विशिष्ट परंपरा, प्रकृति और संस्कृति से है, लेकिन आज उसके अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाकर उन्हें गोलबंद करने का काम करेगी। जमीन के पट्टे और टी-ट्राइब्स को एसटी सूची में शामिल करने जैसे सवालों पर कांग्रेस जनता की मुखर आवाज बनकर चुनावी मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव आर-पार की लड़ाई है और इसमें कांग्रेस की जीत तय है।
पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सीनियर ऑब्ज़र्वर भूपेश बघेल, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री एवं सीनियर ऑब्ज़र्वर डी.के. शिवकुमार, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई सहित कांग्रेस के विधायक एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इस दौरान असम चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *