रांची/दावोस
विश्व आर्थिक मंच (WEF) दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान टाटा स्टील ने झारखण्ड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के तहत कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता दोहराई। इस संबंध में आशय पत्र एवं सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रस्तावित निवेश के अंतर्गत हिरसाना ईज़ी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी में 7,000 करोड़ रुपये, कॉम्बी मिल परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये तथा टिनप्लेट विस्तार परियोजना में 2,600 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखण्ड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी झारखण्ड को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह निवेश राज्य के खनिज-आधारित औद्योगिक पारिस्थितितंत्र को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रीन एनर्जी और जलवायु-अनुकूल विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी गति देगा।
इस अवसर पर हिताची कंपनी ने विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग एवं उन्नत अवसंरचना के क्षेत्र में निवेश को लेकर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
WEF द्वारा मुख्यमंत्री को व्हाइट बैज से सम्मानित, स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट में दिखाई रुचि
विश्व आर्थिक मंच (WEF) द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री की ओर से सहयोग का औपचारिक पत्र सौंपा गया। यह सहयोग क्रिटिकल मिनरल्स, नई ऊर्जा, जलवायु एवं जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगा। राज्य सरकार का विजन 2050, WEF की समावेशी समाज की अवधारणा के अनुरूप बताया गया।
पिछले वर्ष झारखण्ड सरकार की स्वीडन यात्रा का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में निवेश और सहयोग में रुचि दिखाई है। इस दिशा में अप्रैल माह में भारत-स्वीडन के बीच संभावित सहयोग और निवेश को लेकर राउंड टेबल बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वीडन की कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री की वर्ल्ड विमन लीडर्स फ़ोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात हुई। बैठक में महिला राजनीतिक नेतृत्व को सशक्त बनाने, विशेषकर हाशिये पर रहने वाले वर्गों की महिलाओं के लिए झारखण्ड सरकार के साथ सहयोगात्मक ढांचा विकसित करने पर चर्चा हुई। साथ ही भारत चैप्टर की स्थापना और सभी राजनीतिक दलों की महिला प्रतिनिधियों के लिए एक साझा, गैर-दलीय मंच के गठन का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टी. वी. नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिज़नेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेज़ेंटेटिव सुश्री सेसिलिया ओल्डने, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सुश्री सिलवाना कोच-मेहरिन, WEF के श्री विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख श्री भारत कौशल तथा टेक महिंद्रा के आईएमईए डिवीजन के प्रमुख श्री साहिल धवन सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




