जेएसएससी सीजीएल-2023 से चयनित अंचल निरीक्षक व कानूनगो ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से की मुलाकात

:
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (सीजीएल) के माध्यम से नव चयनित अंचल निरीक्षक (सर्किल इंस्पेक्टर सह कानूनगो) एवं कानूनगो ने आज 19 जनवरी 2026 को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से औपचारिक मुलाकात की।
इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह चयन झारखंड सरकार की दूरदर्शी एवं युवा-केंद्रित नीतियों का परिणाम है। राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है और योग्य व प्रतिभाशाली अधिकारियों की नियुक्ति के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बना रही है।
उपायुक्त ने नव नियुक्त अंचल निरीक्षकों एवं कानूनगो को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने क्षेत्रीय दायित्वों का गहन अध्ययन करें और फील्ड में जाकर भूमि संबंधी मामलों, राजस्व संग्रहण एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझें। साथ ही, प्रशासनिक जीवन में सीखने की भावना बनाए रखने, अहंकार से दूर रहने और अनुभव से निरंतर सीखने पर बल दिया।
उन्होंने आम जनता के प्रति संवेदनशील, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनता के साथ दुर्व्यवहार अस्वीकार्य है। इसके साथ ही पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि प्रशासन पर आम लोगों का विश्वास बना रहे।
उपायुक्त ने नव नियुक्त अधिकारियों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा अधिकारी अपने कर्तव्यनिष्ठा, लगन और समर्पण से जिले के राजस्व प्रशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। वहीं नव नियुक्त अधिकारियों ने उपायुक्त के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *