रांची जिला प्रशासन ने जनता दरबार के बेहतर संचालन व शिकायत निस्तारण पर दिया जोर

रांची जिला प्रशासन ने जनता दरबार के बेहतर संचालन व शिकायत निस्तारण पर दिया जोर

रांची जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार के बेहतर संचालन एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है और इसका उद्देश्य लोगों को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना है।
भूमि मामलों पर विशेष फोकस
समीक्षा बैठक में भूमि संबंधी मामलों पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने लंबित भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, म्यूटेशन, सीएनटी/एसपीटी एक्ट से जुड़े मामलों के शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रांची जिले में भूमि मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए और सभी संबंधित विभाग पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मानक प्रक्रिया के तहत कार्य करें।
पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन कल्याणकारी योजनाओं एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *