शिक्षित युवाओं का आजसू से जुड़ना राज्य के लिए शुभ संकेत : सुदेश महतो

शिक्षित युवाओं का आजसू से जुड़ना राज्य के लिए शुभ संकेत : सुदेश महतो
रांची:
आजसू पार्टी से लगातार नए सदस्यों के जुड़ने का सिलसिला जारी है। पार्टी के रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारीबाग लोकसभा एवं हजारीबाग सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार तथा ‘जागो झारखंड यात्रा’ के संयोजक मनमंत बैश ने अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो और महासचिव संजय मेहता ने नए सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने नए सदस्यों और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया।
मीडिया को संबोधित करते हुए आजसू अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि शिक्षित और ऊर्जावान युवाओं का पार्टी से जुड़ना राज्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि आजसू नौजवानों की पार्टी है और युवाओं की भावनाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करती है। जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष के लिए पार्टी नए साथियों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं के बीच नई राजनीतिक चेतना का उदय होना समय की मांग है। वर्तमान हालात में जनआंदोलन खड़ा करना जरूरी है। राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर संघर्ष का मैदान है। कार्यकर्ताओं को जनमुद्दों पर लगातार लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। झारखंड में एक बड़े वैचारिक और राजनीतिक संघर्ष की आवश्यकता है।
सुदेश महतो ने राज्य की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए। रोजगार, नियोजन, कानून-व्यवस्था और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार का प्रदर्शन बेहद खराब है। लाखों रिक्त पदों पर पारदर्शी नियुक्ति को लेकर आज तक कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आया है।
युवा उम्मीदों को आजसू ही दे सकती है दिशा : संजय मेहता
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए आजसू महासचिव संजय मेहता ने कहा कि राज्य के युवाओं की उम्मीदों और सपनों को पूरा करने की क्षमता केवल आजसू पार्टी में है। राज्य की बड़ी आबादी युवा वर्ग की है, लेकिन वर्तमान सरकार ने उनके सपनों को कुचल दिया है। ऐसे में युवाओं को एक नई क्रांति का बिगुल फूंकना होगा।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के पास न तो स्पष्ट विजन है और न ही कोई ठोस रोडमैप। हर जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। कोयला और बालू माफिया सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहे हैं। विस्थापितों पर दमन और फर्जी मुकदमों का सिलसिला जारी है। 10 लाख नौकरियों का वादा केवल जुमला बनकर रह गया है।
संजय मेहता ने कहा कि राज्य गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है। सरकार की योजनाएं दिशाहीन हैं। 75 प्रतिशत स्थानीय आरक्षण और ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण जैसे वादे भी खोखले साबित हुए हैं। आजसू पार्टी विस्थापितों और शोषितों के साथ अंतिम सांस तक खड़ी रहेगी और इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।
आजसू के साथ संघर्ष का सफर आगे बढ़ाऊंगा : अभिषेक कुमार
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद हजारीबाग के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने कहा कि आजसू पार्टी में शामिल होना उनके राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने कहा कि सुदेश महतो और संजय मेहता के नेतृत्व में आजसू ने झारखंड के हित में जो संघर्ष किया है, वह प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि हजारीबाग में चुनाव के दौरान उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों, किसानों की समस्याओं और युवाओं की बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर आवाज उठाई। अब आजसू के मंच से इन सवालों को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। पार्टी की विचारधारा और युवाओं के सशक्तिकरण की सोच उनके विचारों से मेल खाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *