हजारीबाग
जय प्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा, हजारीबाग से फरार हुए तीन सजायाफ्ता कैदियों को हजारीबाग पुलिस ने त्वरित और सघन कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के सोलापुर जिला से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों कैदी 31 दिसंबर 2025 की रात केन्द्रीय कारा से फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार 31 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि रात लगभग 1:30 बजे तीन सजायाफ्ता बंदी जेल से फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि फरार कैदियों ने वार्ड की खिड़की का रॉड काटकर बेडशीट के सहारे नीचे उतरते हुए आंतरिक दीवार फांदी और बाहरी दीवार पार कर फरार होने की घटना को अंजाम दिया।
फरार कैदियों की पहचान देवा भुईयों उर्फ देव कुमार भुईयों, राहुल रजवार और जितेन्द्र रवानी के रूप में की गई। इस संबंध में केन्द्रीय कारा हजारीबाग के आवेदन पर लोहसिंघना थाना कांड संख्या 196/2025, दिनांक 31.12.2025 दर्ज किया गया। तीनों अभियुक्त क्रमशः 20 वर्ष, 27 वर्ष एवं आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर हजारीबाग श्री अमित आनन्द (भा.पु.से.) के नेतृत्व में तीन विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित किए गए। एक टीम तकनीकी शाखा के सहयोग से, दूसरी टीम फरार कैदियों के मार्ग की ट्रेलिंग में और तीसरी टीम संभावित ठिकानों पर छापामारी में जुटी रही।
जांच में सामने आया कि फरारी के बाद तीनों अभियुक्त विभिन्न स्थानों से होते हुए जसीडीह पहुंचे, जहां से 04 जनवरी 2026 को जसीडीह–पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से महाराष्ट्र रवाना हुए। इसके बाद 06 जनवरी 2026 को सोलापुर जिला के करमाला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरटी स्थित एक ईंट-भट्ठा से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त :
देवा भुईयों उर्फ देव कुमार भुईयों, पिता – शम्भू भुईयों, निवासी – सेंदरा नं. 10, थाना लोयाबाद, जिला धनबाद
राहुल रजवार, पिता – जगन रजवार, निवासी – मोदीडीह नया बाजार, थाना जोगता, जिला धनबाद
जितेन्द्र रवानी, पिता – जतर रवानी, निवासी – गोधहर, रवानी बस्ती, थाना केन्दुआडीह, जिला धनबाद
हजारीबाग पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व भी जिले में हुई फरारी की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मामलों के शीघ्र उद्भेदन के लिए सतत प्रतिबद्ध है।



