रांची : राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से 2 जनवरी को लापता हुए दो बच्चों की तलाश अब तक पुलिस नहीं कर पाई है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी भी राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर दबाव बना रही है।
शनिवार को भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर भाजपा जिला अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और अब तक हुई पुलिस जांच की जानकारी ली।
मौके पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की राजधानी से बच्चे गायब हो रहे हैं और राज्य के मुखिया विदेश में छुट्टियां मनाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के प्रति संवेदनहीन हो चुकी है। आदित्य साहू ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार की शाम तक बच्चों की बरामदगी नहीं होती है, तो मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एसएसपी रांची कार्यालय का घेराव करेंगे।
वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने भी राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि वर्ष की शुरुआत में ही अपराधियों ने सरकार को चुनौती देते हुए बीच शहर से दो बच्चों का अपहरण कर लिया। जिस स्थान से बच्चे लापता हुए हैं, वहां से प्रतिदिन अधिकारी, जज और नेता गुजरते हैं, इसके बावजूद पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है।
भाजपा नेताओं ने बच्चों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


