पलामू पुलिस ने कैस्ट्रोल कंपनी के नकली मोबिल के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 471.900 लीटर नकली मोबिल जप्त किया है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
लेक्सनोस आईपी कंपनी में पदस्थापित जांच अधिकारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि हैदरनगर थाना क्षेत्र में कैस्ट्रोल कंपनी के नकली मोबिल का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है। इस नकली मोबिल के इस्तेमाल से जहां उपभोक्ताओं को आर्थिक और तकनीकी नुकसान हो रहा था, वहीं कंपनी की साख को भी गंभीर क्षति पहुंच रही थी।
प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 06 जनवरी 2026 को लेक्सनोस आईपी कंपनी के जांच अधिकारी, हैदरनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान अमन ऑटोमोबाइल गैरेज, इस्लामगंज, थाना-हैदरनगर, जिला-पलामू से कैस्ट्रोल कंपनी का कुल 471.900 लीटर नकली मोबिल विधिवत रूप से जप्त किया गया।
इस मामले में संलिप्त पाए गए अमन ऑटोमोबाइल गैरेज के मालिक खुर्शीद आलम (उम्र 51 वर्ष, पिता-अरशद अली, निवासी-इस्लामगंज, थाना-हैदरनगर, जिला-पलामू) को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध हैदरनगर थाना कांड संख्या 02/2026, दिनांक 06.01.2026 के तहत धारा 318(4)/349 बीएनएस एवं 63/65 कॉपीराइट अधिनियम (संशोधित) 1957 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

