69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने रचा इतिहासअंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया राज्य का मान

69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने रचा इतिहास
अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया राज्य का मान
मेजबान मध्यप्रदेश को दोनों फाइनल मुकाबलों में दी शिकस्त, माननीय मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित राजमाता विजयराजे सिंधिया खेल परिसर, कंपू में दिनांक 02 जनवरी 2026 से 07 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 एवं अंडर-19 दोनों बालिका वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान लीग मुकाबलों से लेकर फाइनल मैच तक झारखंड की बालिका खिलाड़ियों ने अपने दृढ़ आत्मविश्वास, अनुशासन एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में राजमुनी कुमारी एवं सुष्मिता गुरिया के शानदार गोलों की बदौलत झारखंड ने मेजबान मध्यप्रदेश को 2–1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में रोशनी आइंद, गुलजन कुमारी एवं लेवनी हेमरम के बेहतरीन गोलों की मदद से झारखंड ने मध्यप्रदेश को 3–2 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक भी जीता।
दोनों ही वर्गों में झारखंड की बेटियों ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक एवं आत्मविश्वासपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की टीम को लगातार दबाव में रखा और जीत का ताज अपने नाम किया।
इस स्वर्णिम सफलता में टीम के साथ कोच/मैनेजर के रूप में गईं एम्मा बारा, रजनी टोप्पो, आरती बाराइक एवं दिव्या रोज जोजो की कुशल रणनीति, सटीक मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-19 दोनों वर्गों में झारखंड की बेटियों द्वारा स्वर्ण पदक जीतना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण एवं झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा खेलों के विकास हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड की बेटियाँ भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *