उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी आमजनों की समस्याएं
समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन के दिए निर्देश
रांची
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम जनता से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि संबंधी विवाद, भूमि उपयोग की अनुमति (परमिशन) तथा अन्य विभिन्न विषयों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी फरियादों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजनों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना है। जनता दरबार जैसे कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जिससे समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो पाता है।
राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
इस अवसर पर राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजकों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने बताया कि विगत कई वर्षों से रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित यह महोत्सव आदिवासी समाज की प्राचीन परंपराओं, रीति-रिवाजों, लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।
महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी कलाकार एवं खोड़ा दल भाग लेकर अपनी पारंपरिक कला, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का जीवंत प्रदर्शन करते हैं। प्रतिनिधियों ने इस वर्ष महोत्सव के आयोजन हेतु 31 जनवरी से मोरहाबादी मैदान आवंटित करने का विनम्र अनुरोध किया, जिस पर उपायुक्त ने उनके अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया।


