बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के कुख्यात चोर बबलु राम उर्फ भाटिया को पुलिस ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।

बोकारो, बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के कुख्यात चोर बबलु राम उर्फ भाटिया को पुलिस ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बोकारो शहर के कोर्ट परिसर के बाहर घूमते हुए पकड़ा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को बोकारो के पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात चोर बबलु राम उर्फ भाटिया शहर में किसी बड़ी चोरी की योजना बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक श्री आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बोकारो शहर में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी के कई कीमती सामान भी बरामद किए गए हैं।
जप्त सामानों में शामिल हैं:
एक लेनोवो कंपनी का लैपटॉप
लैपटॉप का चार्जर
चांदी की पायल के 9 जोड़े (कुल वजन करीब 1 किलोग्राम)
ताला और अलमारी तोड़ने वाला लोहे का औजार
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
बबलु राम उर्फ भाटिया, उम्र 30 वर्ष, पिता स्व. राजू राम, निवासी कथारा बाजार सब्जी मंडी डोमपाड़ा, थाना बीटीपीएस, जिला बोकारो।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ चंद्रपुरा, बीएस सिटी, दुग्दा, बीटीपीएस और पिंडराजोरा थाना समेत विभिन्न थानों में चोरी और अन्य संगीन धाराओं के तहत आठ से अधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में बीएस सिटी, सेक्टर-12 और सेक्टर-4 थाना के थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
बोकारो पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *