भीषण ठंड व शीतलहर के कारण रांची जिले के सभी विद्यालयों में 5 और 6 जनवरी को कक्षाएं स्थगित
रांची —
रांची जिले में पड़ रही भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार रांची जिला येलो जोन में चिन्हित किया गया है, जहां भारी ठंड एवं शीतलहर की संभावना जताई गई है।
इसी के मद्देनज़र भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों में वर्ग KG से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य दिनांक 05 जनवरी 2026 से 06 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हालांकि, यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में पूर्व से निर्धारित परीक्षाएं आयोजित हैं, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षाओं का संचालन कर सकेंगे।
वहीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाओं का संचालन भी विद्यालय अपने विवेकानुसार करेंगे।
यह भी उल्लेखनीय है कि सरकारी विद्यालय शीतकालीन अवकाश के कारण पहले से ही 05 जनवरी 2026 तक बंद हैं। जबकि 06 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे, जहां शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर eVV प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे तथा विद्यालय से संबंधित गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जारी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें।
