मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल से रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन JEE–NEET कोचिंग संस्थान का शुभारंभ, उपायुक्त ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल से रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन JEE–NEET कोचिंग संस्थान का शुभारंभ, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के सफल प्रयासों एवं दूरदर्शी नेतृत्व से राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी स्थित “दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) कोचिंग संस्थान” का विधिवत उद्घाटन किया गया है। यह संस्थान झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं, विशेषकर अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल है, जहाँ उन्हें उच्चस्तरीय नि:शुल्क आवासीय कोचिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्मंजूनाथ भजन्त्री ने आज संस्थान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संस्थान में संचालित कक्षाओं का जायजा लिया तथा अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव, भावनाओं एवं आकांक्षाओं को जाना।
“इस योजना ने हमारे सपनों को पंख दिए” – छात्र-छात्राएं
संस्थान में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं ने माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की इस महत्वाकांक्षी पहल के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना ने उनके सपनों को पंख दिए हैं और अब उन्हें उच्चस्तरीय कोचिंग के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। रांची में ही गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलने से वे अपने लक्ष्य को और मजबूती से प्राप्त कर सकेंगे।
छात्रावास, मेस व लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने संस्थान के विभिन्न हिस्सों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने बॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, स्टडी/लाइब्रेरी हॉल, बॉयज मेस, गर्ल्स मेस एवं कक्षा कक्षों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना की तथा सुचारू संचालन एवं छात्र-छात्राओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संस्थान में उपलब्ध सभी सुविधाएं उच्च गुणवत्ता की हों तथा विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा का नया अध्याय
यह संस्थान झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय साबित हो रहा है। JEE एवं NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी अब राज्य के भीतर ही संभव हो सकेगी, जिससे मेधावी छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी प्रतिभा को सही मंच प्राप्त होगा।
प्रथम चरण में संस्थान में 300 से अधिक चयनित छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *