रांची जिले में सेवानिवृत्त शिक्षकों की विदाई सम्मान एवं पेंशन दरबार आयोजित
रांची — जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में पेंशन दरबार सह सेवा निवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों को उनके लंबे एवं समर्पित सेवा काल के लिए सम्मानित करना तथा सेवानिवृत्ति के ही दिन सभी पेंशनरी लाभ प्रदान करना था।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कुल 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों, एक आदेशपाल एवं एक प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को स्मृति चिह्न (मोमेंटो), शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता होते हैं और उनके योगदान से ही आने वाली पीढ़ियां सशक्त बनती हैं। उन्होंने सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी पेंशनरी लाभ उपलब्ध कराए जाने को प्रशासन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसे शिक्षकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक कहा।
उपायुक्त ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से आग्रह किया कि वे जीवन की नई पारी में स्वयं को सक्रिय रखें, समाज सेवा से जुड़े रहें और नए कार्यों में नई ऊंचाइयों को छूएं। उन्होंने ईश्वर से सभी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

