मुख्यमंत्री ने आईपीएस रैंक में प्रोन्नत अधिकारियों को दी बधाई, बैच पहनाकर किया सम्मानित
रांची, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य पुलिस सेवा के कई अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) रैंक में पदोन्नत हुए अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने बैच पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नत अधिकारियों में राम समद, रोशन गुड़िया, श्विनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा तथा दीपक कुमार शामिल थे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा भी उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत अधिकारियों को आईपीएस बैच पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अधिकारियों की पदोन्नति राज्य पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है और उनसे जनसेवा व कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की अपेक्षा है।



