लातेहार में कोल साइडिंग पर फायरिंग से दहशत, दो राउंड गोली चलाकर अपराधी फरार

लातेहार में कोल साइडिंग पर फायरिंग से दहशत, दो राउंड गोली चलाकर अपराधी फरार
लातेहार:
लेवी और रंगदारी को लेकर एक बार फिर अपराधियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की है। लातेहार जिले के तुबेद गांव स्थित डीवीसी द्वारा संचालित कोल साइडिंग में सोमवार की रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार, अपराधी कोल साइडिंग के एंट्री गेट के पास पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के दो राउंड गोली चलाकर मौके से फरार हो गए। फायरिंग के दौरान एक गोली एंट्री गेट की चहारदीवारी में जा लगी, जिससे दीवार में छेद हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी कर्मचारी या सुरक्षाकर्मी घायल नहीं हुआ।
अचानक हुई गोलीबारी से कोल साइडिंग में कार्यरत कर्मियों और सुरक्षा गार्डों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही कोल साइडिंग कैंप में तैनात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि कोल साइडिंग क्षेत्र में पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद कोल साइडिंग की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *