नए साल से पहले झारखंड के युवाओं को बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे नियुक्ति पत्र वितरण
रांची:
झारखंड के युवाओं के लिए नए साल से पहले एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन आज रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में झारखंड सामान्य स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC CGL-2023) में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिलेगा। सरकार की यह पहल युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
समारोह को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी, उनके परिजन एवं गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह आयोजन राज्य सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों और रोजगार सृजन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

