मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल मोरहाबादी मैदान में JSSC CGL-2023 के चयनित अभ्यर्थियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
नए साल से पूर्व युवाओं को मिलेगा बड़ा तोहफा
— झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित सामान्य स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)-2023 में सफल अभ्यर्थियों को कल दिनांक 30 दिसंबर 2025 को रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन होंगे, जो चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। नए साल से पूर्व आयोजित यह कार्यक्रम राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा उपहार साबित होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा का अवलोकन वित्त सचिव श्री प्रशांत कुमार एवं पुलिस महानिदेशक, झारखंड श्रीमती तदाशा मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम की सफलता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज मोरहाबादी मैदान का क्रमवार निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।
सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों तथा कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखें।
यह आयोजन राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया एवं युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



