HOCKEY INDIA LEAGUE 2025–26 के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने तैयारियों का किया निरीक्षण
रांची: HOCKEY INDIA LEAGUE 2025–26 का आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, निदेशक हॉकी इंडिया बी.एन. भूषण, सीईओ हॉकी झारखंड रजनीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ आयोजन से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम की मौजूदा व्यवस्थाओं, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, मीडिया व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं लॉजिस्टिक प्रबंधन की समीक्षा की।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि HOCKEY INDIA LEAGUE का आयोजन रांची एवं पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:
- स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था।
- प्रतियोगिता अवधि के दौरान सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों का निर्धारण एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था।
- खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं अतिथियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन एवं मेडिकल सुविधा की समुचित व्यवस्था।
- दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता।
- मीडिया प्रतिनिधियों के लिए मीडिया सेंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं सुचारु प्रवेश व्यवस्था।
- स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश।
- किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज सहित हॉकी इंडिया एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने एवं नियमित समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि HOCKEY INDIA LEAGUE 2025–26 के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन रांची पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




