हेमन्त सरकार में चोरी और सीनाजोरी साथ-साथ : आदित्य साहू केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र की कुव्यवस्था उजागर करने वाली महिला को मिल रही धमकी

हेमन्त सरकार में चोरी और सीनाजोरी साथ-साथ : आदित्य साहू केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र की कुव्यवस्था उजागर करने वाली महिला को मिल रही धमकी
भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने हजारीबाग जिले के केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र की कुव्यवस्था को उजागर करने वाली महिला कर्मचारी को धमकी दिए जाने के मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में भ्रष्ट पदाधिकारी और कर्मचारी हेमन्त सरकार के “टूल किट” बन चुके हैं। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए वे सत्ता तंत्र का धौंस दिखाते हैं और सच सामने लाने वालों को अनावश्यक मुकदमों में फंसाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि यह साफ तौर पर “चोरी और सीनाजोरी” का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र से जो वीडियो सामने आया था, उसने झारखंड की तथाकथित सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी थी। परिवार नियोजन का ऑपरेशन जनरेटर और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में टॉर्च की रोशनी में किया जाना बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।
आदित्य साहू ने कहा कि इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि जिस साहसी महिला कर्मचारी ने वीडियो बनाकर सरकार की लापरवाही और झूठी व्यवस्थाओं को उजागर किया, उसी महिला को अब एक सरकारी कर्मचारी द्वारा डराया-धमकाया जा रहा है। धमकी से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
उन्होंने कहा कि ये अधिकारी नहीं, बल्कि गुंडागर्दी करने वाले लोग हैं, जिन्हें सच बोलने वाली आवाज़ों से डर लगता है। आज झारखंड में हालात ऐसे हो गए हैं कि सच्चाई दिखाने वालों को धमकाया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उस महिला को कोई भी नुकसान हुआ, यहां तक कि खरोंच भी आई, तो भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठेगी। भाजपा कार्यकर्ता पूरे झारखंड में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।
आदित्य साहू ने मांग की कि पीड़ित महिला को तत्काल सुरक्षा दी जाए, धमकी देने वाले कर्मचारी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भ्रष्ट और निकम्मे लोगों से डरने वाली नहीं है। सच की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *